Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: खागा-नौबस्ता मार्ग के 11 किलोमीटर हिस्से के जीर्णोद्धार को शासन ने स्वीकृति दे दी है। इस कार्य के लिए 28.70 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कुल 22 किलोमीटर लंबे मार्ग के जीर्णोद्धार का अनुमानित बजट भेजा था, लेकिन फिलहाल आधे हिस्से को ही मंजूरी मिली है। यह मार्ग लगभग पांच दशकों से जर्जर हालत में है और प्रतापगढ़ तथा रायबरेली जिलों को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण जरिया है। प्रतिदिन इस मार्ग से तीन से चार हजार छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन वाहन बीच रास्ते में खराब हो जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और लंबा जाम लग जाता है। कई लोग राजधानी तक की यात्रा के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन खराब स्थिति के कारण उन्हें वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। बांदा, चित्रकूट और स्थानीय व्यापारी भी अपने माल के परिवहन के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। खराब सड़क के कारण व्यापारियों का काफी माल खराब हो जाता है। इस समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने कई बार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक से शिकायत भी की थी। मार्ग के केवल आधे हिस्से को स्वीकृति मिलने से स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, एके शील ने बताया कि 22 किलोमीटर लंबे खागा-नौबस्ता मार्ग के लिए एस्टीमेट भेजा गया था, जिसमें से 11 किलोमीटर के जीर्णोद्धार के लिए 28.70 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। मार्ग निर्माण के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क के जीर्णोद्धार का काम शुरू कर दिया जाएगा।