बाजारों में बंदरों का उत्पात देख हलाकान हैं लोग

PRATAPGARH NEWS: लालगंज तहसील के वर्मा नगर क्षेत्र में बंदरों के उत्पात से लोग रोज परेशान हो रहे हैं। लालगंज तहसील मुख्यालय में भी बंदरों का उत्पात अधिवक्ताओं समेत यहां आने वाले वादकारियों को भी तंग किये हुए है। बंदरो के उत्पात से लोगांे का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गलियों, बाजार और घरों की छतों पर बंदरों के झुंड खुलेआम घूमते रहते हैं। इसके कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। बंदरों के समूह द्वारा राहगीरों समेत लोगों के सामान को नुकसान पहुंचाने तथा खाद्य पदार्थों को छीनने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वर्मा नगर चौराहे पर आधा दर्जन विद्यालय संचालित होते हैं। बंदरों के डर से अभिभावकों को स्वयं बच्चों को विद्यालय पहुंचाने को विवशता में देखा जा रहा है। परेशान अभिभावकों का कहना है कि बंदर कई बार बच्चों के बैग तक छीनने की कोशिश करते हैं, जिसके कारण वे बच्चों को अकेले भेजने की हिम्मत नहीं कर पा रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों की संख्या रोज बढ़ रही है और कई लोग इनके हमलों में घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक समाधान नहीं निकल सका है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत और वन विभाग से मांग की है कि जल्द कार्रवाई कर बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाए, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *