टेण्ट संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हाईवे जाम करने का किया प्रयास

लीलापुर पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर माने, टेण्ट खोलते समय गई थी किशोर की जान
PRATAPGARH NEWS: टेण्ट खोलते समय एचटी लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गयी थी। पीएम के बाद शव घर पहुंचने पर चीखपुकार मच गयी। आक्रोशित परिजनों ने हाइवे जाम करने का प्रयास किया लेकिन टेण्ट संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने पर परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुये। लीलापुर थाना क्षेत्र के कटवढ़ गांव में राजेश यादव के यहां किसी आयोजन में हण्डौर निवासी टेण्ट हाउस संचालक जाहिद अली ने टेण्ट लगवाया था। बुधवार को टेण्ट खुलवाने के लिए हण्डौर निवासी गोरे लाल के पन्द्रह वर्षीय पुत्र गुलशन सरोज को ले गया था। इस दौरान एचटी लाइन की चपेट में आने से गुलशन की मौत हो गयी। जानकारी पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। गुरूवार को पीएम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गये। आक्रोशित परिजनों ने टेण्ट संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव के समीप लखनऊ वाराणसी हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। हालांकि इस बीच लीलापुर थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय पहुंच गये और टेण्ट संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने का आश्वासन देकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया। मृतक सगरा सुंदरपुर के एक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था और दो भाईयों में बड़ा था। पिता एक ईंट भटठे पर मजदूरी करता है। घटना के बाद मां शीला देवी का रो रो कर बुराहाल है। मामले में पिता गोरे लाल की तहरीर पर हण्डौर निवासी टेण्ट संचालक जाहिद अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। केस दर्ज होने पर परिजन शव को गांव मे ही अंतिम संस्कार के लिए देर शाम ले गये। लीलापुर एसओ मनोज पाण्डेय ने बताया कि आरोपी टेण्ट संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नाराज परिजन जाम लगाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन पुलिस की कार्रवाई से जाम नही लगाया और अंतिम संस्कार गांव मे ही करने के लिए रवाना हो गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *