Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्राथमिक विद्यालय सोनावरदेई में शनिवार को सुबह से लटका रहा ताला
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के ऐरायाँ विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सोनावरदेई में शनिवार को शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई। सुबह समय पर पहुंचे मासूम बच्चों को स्कूल गेट पर ताला लटका मिला। कई छोटे बच्चे स्कूल परिसर में इधर-उधर खेलते नजर आए जबकि कई मायूस होकर घर की ओर लौट गए। विद्यालय में मौजूद बच्चों ने बताया कि कई दिनों से अध्यापक समय पर नहीं आते, जिसके कारण पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। वहीं विद्यालय की रसोइयों ने भी पुष्टि किया कि आज कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा, जिसके कारण पूरा दिन कक्षाएँ बंद रहीं। मामले की जानकारी करने पर पता चला कि विद्यालय में तैनात शिक्षक राजेश कुमार शुक्ला इन दिनों ट्रेनिंग में व्यस्त हैं। उनकी गैरमौजूदगी में नोडल संकुल प्रभारी इजहारुल को पास के विद्यालय से अध्यापक संतोष कुमार को अटैच करना था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब नोडल संकुल प्रभारी इजहारुल से संपर्क किया गया तो उन्होंने खुलकर अपनी गलती कबूल करते हुए कहा कि मैंने कल ड्यूटी लगाने को भूल गया था, यह मेरी गलती है। उधर संतोष कुमार ने देर रात किसी कारणवश सुबह विद्यालय पहुंचने में असमर्थता जताई थी। बावजूद इसके संकुल प्रभारी ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की, जिससे स्कूल पूरी तरह बंद रहा। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में इस तरह की लापरवाही न केवल बच्चों की पढ़ाई को चौपट करती है, बल्कि शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। अब देखने वाली बात यह है कि क्या नोडल संकुल प्रभारी इजहारुल पर कार्रवाई होगी या फिर मामला सरकारी व्यवस्था समझकर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
क्या बोले जिम्मेदार
इस संबंध मे खंड शिक्षा अधिकारी ऐरायाँ रत्नामणि मिश्रा द्वारा बताया गया कि शिक्षक राजेश कुमार शुक्ला ट्रेनिंग में हैं उनकी जगह अटैचमेंट की जिम्मेदारी संकुल प्रभारी की थी। संकुल प्रभारी द्वारा किसी को भेजा नहीं गया जिस पर मामले की समीक्षा कर उचित कार्यवाही की जाएगी।