Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पेट और लिवर रोगों पर विशेष परामर्श, एक सैकड़ा मरीजों का हुआ परीक्षण
FATEHPUR NEWS: शांति नगर स्थित आभा मेडिकल सेंटर एंड ब्लड बैंक में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पेट व लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार सिंह द्वारा लगभग 100 मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण किया गया। शिविर में आए मरीजों को बीमारियों के कारण, लक्षण और बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि हाल के वर्षों में पेट और लिवर से जुड़ी बीमारियाँ तेज़ी से बढ़ रही हैं। गलत खानपान, जंक फूड, अत्यधिक तेल-मसाले, अनियमित दिनचर्या, शराब सेवन और मानसिक तनाव इस तरह की समस्याओं का प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने शिविर के दौरान मरीजों को बताया कि चर्बी वाला खाना, अधिक तला-भुना भोजन लिवर पर दबाव बढ़ाता है, लंबे समय तक अपच, सीने में जलन, गैस, पेट दर्द जैसे लक्षणों को हल्के में न लें, फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, एसिडिटी, अल्सर जैसी बीमारियाँ समय पर जांच की मांग करती हैं नियमित पानी पीना, हल्का भोजन, और समय पर भोजन करना पेट और लिवर दोनों के लिए जरूरी है तथा उन्होंने कहा कि सही समय पर जांच और उपचार कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। इस दौरान आभा मेडिकल सेंटर के संचालक डॉ. जे.पी. त्रिपाठी ने बताया कि उनकी संस्था समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर मुफ्त चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोग बिना किसी खर्च के विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और इलाज का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और सही समय पर इलाज ले सकें। कैंप के माध्यम से हम लोगों को बीमारियों के बारे में जानकारी देकर सुरक्षित जीवनशैली अपनाने को प्रेरित करते हैं। आभा मेडिकल सेंटर की इस पहल से बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिला और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। शिविर में डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. समी, डॉ. अनुभव त्रिपाठी सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। टीम ने मरीजों का पंजीकरण, प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच और परामर्श में सक्रिय रूप से सहयोग किया।