मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

नारियों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दी गई जानकारी
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत शनिवार को जिलेभर में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए। टीमों ने महिलाओं की सुरक्षा और उनके लिए चल रही सरकारी योजनाओं— मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चियों को जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके, इसके लिए सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का भी प्रचार किया गया, जिनमें से 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 सीएम हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। एंटी रोमियो टीमों ने मोबाइल में पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी दिखाया और पंपलेट बांटकर लोगों को सतर्क व जागरूक रहने की अपील की। इस संबंध में जिला पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षित माहौल देना है बल्कि उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों, आर्थिक सहायता योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *