गौआश्रय स्थलों पर अब सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुपालन विभाग, पंचायत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के सभी गौआश्रय स्थलों पर रहने वाली गौवंशों की उचित देखभाल प्राथमिकता है, इसलिए हरा चारा, पानी, चिकित्सा सुविधा, ठंड से बचाव एवं स्वच्छता की स्थिति सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि गौवंशों के लिए चारे की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आश्रय स्थल पर चारे की कमी न होने पाए। साथ ही पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, फॉगिंग़ एवं नियमित सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गौआश्रय स्थलों की निगरानी और पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिससे व्यवस्थाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैमरों की रिकॉर्डिंग नियमित रूप से चेक की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्यवाही की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पशु चिकित्सालयों की बेहतर स्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सक नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित रहें तथा मरीजों और पशुपालकों को समय पर उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि दवाइयों, टीकों एवं आवश्यक उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। यदि कहीं कमी हो तो विभाग तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करे। जिलाधिकारी ने कहा कि गौआश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और निरीक्षण की रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *