रिश्तेदारी गए परिवार के घर पर चोरों का धावा, सोना-चांदी व नकदी पर हाथ साफ

FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के सिधाव गांव में चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित आशीष कुमार पुत्र शिवगोपाल दर्जी ने बताया कि परिवार के सभी लोग रिश्तेदारी गए थे। जब वे वापस लौटे तो दरवाजे की जंजीर टूटी हुई थी और ताला टूटा देखकर सभी के होश उड़ गए। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था। यही नहीं, चोर घर में लगी बैटरी और इनवर्टर भी उठा ले गए। पीड़ित ने तत्काल घटना की तहरीर ललौली थाने में दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ललौली थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम सुराग जुटाने में लगी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है। गौरतलब है कि ललौली थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं। कुछ दिन पहले ही अढावल मोड़ के पास से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था, जिसका अभी तक सुराग नहीं लग सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *