पुलिस लाइन में यातायात माह का समापन,जागरूकता रैली निकली, एडिशनल एसपी ने दिलाई शपथ

LAKHIMPUR KHERI NEWS: रविवार को यातायात माह नवंबर का समापन पुलिस लाइन में हुआ। इस अवसर पर एक जागरूकता रैली निकाली गई और उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी पूर्वी पवन गौतम और सीओ सिटी विवेक तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समापन समारोह में सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की शपथ दिलाई गई। इसमें नशे में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करने, हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने देने जैसे बिंदु शामिल थे। प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटनाओं के चार प्रमुख कारणों—नशा, नींद, रफ्तार और अधिक भार—से सावधान रहने की भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर एडिशनल एसपी और सीओ सिटी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड के बच्चे, कर्मचारी, अधिकारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।यातायात माह के समापन के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन से एक जागरूकता वाहन रैली भी निकाली गई। टीएसआई सचिन गंगवार ने बताया कि यह रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर महिला अस्पताल चौराहा, गुरु गोविंद सिंह चौक, सौजन्य चौक, महिला थाना और डीसी रोड से होते हुए वापस पुलिस लाइन में समाप्त हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का औपचारिक समापन दोपहर 1 बजे हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *