कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ

JHANSI NEWS: हंसारी में श्री श्री 1008 श्री सिद्धेश्वर बालाजी धाम मंदिर ट्रस्ट, राय परिवार हंसारी, कलचुरी समाज एवं भूतपूर्व सैनिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। मुरैना से पधारे कथा व्यास जितेंद्र भारद्वाज महाराज ने द्वितीय दिवस परीक्षित चरित्र एवं हिरण्यवास उद्धार प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि केवल कथा श्रवण से नहीं, बल्कि उसे जीवन में उतारने से ही जीव का कल्याण संभव है। भागवत मनुष्य को समर्पण की शिक्षा देती है और जब प्राणी परमात्मा के प्रति समर्पित होता है तो उसके भीतर का अहंकार स्वयं समाप्त हो जाता है। कथा व्यास ने कहा कि यह संसार और शरीर दोनों ही नश्वर हैं— “ब्रह्म सत्य है और जगत मिथ्या।” इससे पूर्व कलश यात्रा राय कम्पाउंड स्थित शंकरजी मंदिर से प्रारंभ हुई, जो मेन रोड हंसारी एवं सारंध्रा नगर हनुमान मंदिर होकर कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई। शोभायात्रा में मुख्य यजमान पूजा नितेंद्र राय श्रीमद्भागवत पुराण को सिर पर धारण किए सबसे आगे चल रही थीं। उनके पीछे पीत वस्त्रों में 251 महिलाएँ कलश लेकर चल रही थीं। भगवान के स्वरूप एवं कथा व्यास बग्गी पर सवार थे। युवा वर्ग ने हाथों में धर्म ध्वजा लिए डीजे की धुन पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य यजमानों—श्रीमती पूजा नितेंद्र राय फौजी, हेमंत राय, जितेंद्र राय, निशेन्द्र राय फौजी, नरेंद्र कुमार राय, अमित राय—ने कथा व्यास का माल्यार्पण कर भागवत पुराण की आरती उतारी। इस अवसर पर सुरेश साहू, यू.एन. पचौरी, कृष्णकांत राय भांजा, धर्मेंद्र राय, संतोष राय प्रधान, कृष्ण कुमार राय के.के. वासुदेव विश्वकर्मा, अरविंद राय, गोविंद नारायण यादव, जवाहर सिंह यादव, बॉबी यादव, आर.एस. सेंगर, शिवशंकर राय, कीरत सिंह यादव, रवि राय, बादाम पाल, दिनेश पाल, करण पाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नितेंद्र राय फौजी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *