सभी को समान शिक्षा मिले, जहनईपुर में चला जागरूकता अभियान

PRATAPGARH NEWS: जहनईपुर के पंचायत भवन में एक दिवसीय महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें टेऊंगा और जहनईपुर ग्रामसभा की 25 महिला एवं किशोरी लीडर ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख सोनिया गुप्ता ने किया। उन्होंने संस्था का उद्देश्य बताते हुए स्कोप परियोजना की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और संविधान में वर्णित छह मौलिक अधिकारों समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, शिक्षा व संस्कृति का अधिकार तथा संवैधानिक उपचारों के अधिकार की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद महेश सर ने जेंडर समानता पर चर्चा करते हुए बताया कि समाज आज भी रूढ़िवादी विचारों के कारण किशोर एवं किशोरियों के कार्यों को अलग-अलग बांट देता है। उन्होंने कहा कि इस सोच में बदलाव लाना आवश्यक है और दोनों को समान अवसर तथा जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने RTE 2009 के तहत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के निशुल्क नामांकन और 86वें संविधान संशोधन (2002) के अनुसार 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार के बारे में भी विस्तार से समझाया। अंत में परियोजना समन्वयक सीमा पटेल ने सरकार द्वारा संचालित गरीब बच्चों की शिक्षा हेतु विशेष विद्यालयों नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी संस्थानों में कक्षा 6 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम के अंत में श्रीमती पटेल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *