Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फतेहपुर में हिंदू महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: अखिल भारत हिंदू महासभा ने देश में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें दिल्ली के लाल किले के निकट हुए कार धमाके में पकड़े गए आतंकवादियों को शीघ्र जांच पूरी कर फांसी की सजा देने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि धमाके में मारे गए 10 लोगों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने और टीवी चैनलों पर उकसावेभरे बयान देने वाले कट्टरपंथी मौलवियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए। हिंदू महासभा ने मांग की है कि आतंकियों के ठिकाने के रूप में नामित अल्फलाह मेडिकल कॉलेज/विश्वविद्यालय को मिले साक्ष्यों के आधार पर ध्वस्त किया जाए। इसके अलावा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी समाप्त न होने का हवाला देते हुए ज्ञापन में पाकिस्तान पर प्रत्यक्ष कार्रवाई करने की भी मांग की गई। संगठन ने भोपाल के कृषि विभाग में तैनात उप सचिव और आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने व आचरण नियमों के उल्लंघन के मामले में उन्हें तत्काल निलंबित कर जेल भेजने की भी मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, स्वामी राम आश्रय आर्य, राजेंद्र मौर्य, ब्रह्मेश चंद्र तिवारी, दीपक यादव, सिंधु मौर्य, राज शर्मा, शिवाकांत तिवारी, प्रभास नारायण द्विवेदी, ओमलता, अशोक मौर्य, परमहंस करण सिंह पटेल, रामनरेश सिंह, अर्जुन प्रसाद, वेदराम सिंह मौर्य, राहुल गुप्ता, शालिग्राम, संतोष कुमार, मूलचंद, संतोष नेता, मुकेश चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।