Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, थीम ‘बाधाएं दरकिनार, एचआईवी पर सशक्त प्रहार’
FATEHPUR NEWS: विश्व एड्स दिवस पर जनपद में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से की गई, जहाँ जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने एड्स जागरूकता परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आम जनता को एचआईवी/एड्स से बचाव, जांच और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इस वर्ष विश्व एड्स दिवस “बाधाएं दरकिनार, एचआईवी पर सशक्त प्रहार” थीम के साथ मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरि ने बताया कि एड्स जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरुकता और समय पर जांच है। उन्होंने युवाओं, अप्रवासियों, गर्भवती महिलाओं तथा उच्च जोखिम समूह के लोगों से अपील की कि वे निकटतम आईसीटीसी केन्द्रों पर एचआईवी की जांच अवश्य कराएं।
ICTC केन्द्र जिला पुरुष/महिला चिकित्सालय फतेहपुर, सीएचसी बिंधकी और सीएचसी खागा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क एचआईवी जांच हर बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस में एएनएम द्वारा तथा सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रसव कक्षों में स्टाफ नर्स द्वारा की जाती है। संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीज की गोपनीयता बनाए रखने के लिए एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 के तहत विशेष प्रावधान किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि एचआईवी पॉजिटिव रोगियों के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर स्थित एआरटी (एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी) केंद्र पर निःशुल्क और नियमित उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय पुरुष/महिला फतेहपुर डॉ. राजेश कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. वर्मा, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. वरद वर्धन बिशेन, जनकल्याण महासमिति फतेहपुर के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।