ट्रैक्टर दिलाने के बहाने अनपढ़ किसान की जमीन हड़पने का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार

FATEHPUR NEWS: असोथर थाना क्षेत्र के रिठंवा गांव निवासी पीड़ित राजू पुत्र जगदेव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर धोखाधड़ी कर उसकी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है।  पीड़ित के अनुसार वह अनपढ़ है और केवल अंगूठा लगाना जानता है। उसके नाम पर गाटा संख्या 349, रकबा 0.2000 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। शिकायत के अनुसार 17 अक्टूबर 2025 को गांव के राहुल पुत्र अशोक उसे ट्रैक्टर दिलाने के बहाने महिंद्रा ट्रैक्टर एजेंसी, फतेहपुर ले गया। वहां पीड़ित से 50,000 रुपये जमा कराकर उसके नाम ट्रैक्टर खरीदवा दिया गया। कुछ दिनों बाद 24 अक्टूबर को राहुल, सौरभ कुमार व सुनीता उसे यह कहकर पुराने तहसील सदर फतेहपुर ले गए कि ट्रैक्टर के लिए लोन लेना है और वे गारंटर बनेंगे। पीड़ित का आरोप है कि तहसील में उससे कई सादे कागजों पर अंगूठा लगवाया गया, आधार कार्ड व फोटो ले लिए गए और किसी अधिकारी के सामने बिना पूछताछ के दस्तावेजों पर निशान बनवा लिए गए। बाद में जब पीड़ित ने ट्रैक्टर के कागजात मांगे तो टालमटोल शुरू हो गई, जिससे उसे संदेह हुआ। इसके बाद जब वह रिश्तेदारों के साथ तहसील गया तो पता चला कि उसकी जमीन का फर्जी बैनामा सुनीता पत्नी अशोक के नाम कर दिया गया है और चेक संख्या 732431 तथा 732432 दिखाए गए हैं, जबकि न तो कोई चेक मिला और न ही कोई भुगतान हुआ। पीड़ित के अनुसार जब उसने संबंधित लोगों से बात की तो उन्हें गाली-गलौज कर धमकी दी गई कि शिकायत की तो जान से मार देंगे। आरोप है कि ये लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश भी कर रहे हैं। पीड़ित ने थाना कोतवाली में सूचना दी, लेकिन जांच का आश्वासन देकर लौटा दिया गया। न एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई कार्रवाई। मजबूर होकर पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और भूमि वापस दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *