बिजली बिल राहत योजना के पहले दिन प्रचार में जुटा विद्युत विभाग,ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए कैंप

AURAIYA NEWS: प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई बिजली बिल राहत योजना के पहले दिन विद्युत विभाग पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। अजीतमल विद्युत उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी कृष्ण विहारी यादव एवं अवर अभियंता विजय कुमार ने उपकेंद्र के कर्मचारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। उपखंड अधिकारी और उनकी टीम ने ग्राम चिटकापुर, सराय अमलिया और चपटा गांव में कैंप आयोजित किए, जहां पहुंचे उपभोक्ताओं को योजना से मिलने वाली छूट और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा ग्रामीणों के घर-घर जाकर सूचना पत्रक भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा सकें। एसडीओ कृष्ण विहारी यादव ने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया मूल धनराशि पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जो कि घरेलू एवं व्यावसायिक दोनों श्रेणी के उपभोक्ताओं पर लागू होगी। सबसे बड़ा लाभ यह है कि बकाया पर लगा संपूर्ण ब्याज माफ कर दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 2000 रुपये जमा करने होंगे, जो बाद में उनके बकाये में समायोजित कर दिए जाएंगे। अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि योजना के पहले दिन उपभोक्ताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला। कुल 18 रजिस्ट्रेशन किए गए और विभाग ने लगभग तीन लाख रुपये की वसूली की है। विद्युत विभाग की टीम ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस योजना का प्रचार-प्रसार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग राहत का लाभ प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *