अपनी मां का इलाज कराने गए अधिवक्ता को पुलिस ने बनाया आरोपी

एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
MIRZAPUR NEWS : (सुनील कुमार गुप्ता) शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रैदानी कॉलोनी में भूमि विवाद के मामले में एक जूनियर अधिवक्ता को कथित रूप से बेबुनियाद तरीके से आरोपी बनाए जाने पर मंगलवार को अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। अधिवक्ताओं ने शिकायती पत्र में बताया कि रैदानी कॉलोनी में 27 नवंबर 2025 को सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच तरकापुर संकट मोचन निवासी नसीम तथा सुनील मोदनवाल और प्रकाश मोदनवाल के बीच भूमि को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि नसीम के निर्देश पर अधिवक्ता मनोज सोनकर अभिलेखीय साक्ष्य लेकर मौके पर पहुंचे और बाद में थाना शहर कोतवाली जाकर भी पुलिस को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रकाश मोदनवाल ने अधिवक्ता के साथ अभद्रता करते हुए धमकी भी दी। इसी बीच जूनियर अधिवक्ता अरबाज खान अपनी माता सहाना खान का ब्लड प्रेशर बढ़ जाने पर अपने भाई के साथ अस्पताल में उपचार कराने गए थे। अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना के समय अरबाज खान मौके पर मौजूद ही नहीं थे, फिर भी उन्हें मुकदमे में आरोपी बना दिया गया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के दबाव में पुलिस ने घटना से असंबंधित अरबाज खान सहित नसीम आदि करीब 10–15 लोगों के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा दर्ज कर लिया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *