Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि एसआईआर अभियान के जरिए केवल वास्तविक नागरिकों को ही वोटर बनाया जाएगा FATEHPUR NEWS: (सैय्यद शारिब क़मर अज़मी)
पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने फतेहपुर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और एसआईआर अभियान को लेकर जानकारी दी। वह बिंदकी तहसील के लालपुर और खुजहा कस्बों में पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को एसआईआर के बारे में बताया।
साध्वी निरंजन ज्योति ने एसआईआर अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत मतदाताओं की छंटनी की जा रही है। उनका आरोप है कि जो लोग बाहर से आकर गांवों में बस गए हैं, वे हमारे नागरिकों के अधिकारों को छीन रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह एक अभियान के रूप में लिया गया है और इसमें हर दल के लोग सहयोग कर रहे हैं। साध्वी निरंजन ज्योति ने जोर देकर कहा कि एक प्रजातांत्रिक देश में जनता के पास अपना प्रतिनिधि चुनने का यही एकमात्र हथियार होता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जो व्यक्ति 2003 से पहले यहां का निवासी नहीं था, उसे कोई प्रमाण नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि जब वे यहां रहते ही नहीं थे, तो प्रमाण कहां से दिखा पाएंगे। साध्वी निरंजन ज्योति ने आगे कहा कि इस अभियान के बहाने लोग अपने पूर्वजों को याद कर रहे हैं कि वे यहां के वोटर थे या नहीं। उन्होंने दोहराया कि जो भी नागरिक भारत का है, उसे ही वोटर बनाया जाएगा। उन्होंने आम जनता से जल्द से जल्द फॉर्म भरकर अपने बीएलओ को जमा करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।