Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

भावों की भाषा में बच्चों संग जुड़ीं डीएम, मुस्कुराहटों से महका परिसर
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 3 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर आदर्श मूक-बधिर विद्यालय में बुधवार का दिन भावनाओं, संवेदनाओं और खुशियों का अनोखा संगम बन गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल जब बच्चों के बीच पहुँचीं तो संवाद शब्दों से कम और भावों से अधिक हुआ। संकेतों के जरिये बच्चों से संवाद करते हुए डीएम भी भावुक हो उठीं। बच्चों ने हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर डीएम का स्वागत किया, तो डीएम ने भी उसी गर्मजोशी से उनकी भावनाओं का प्रत्युत्तर दिया।
डीएम ने दिए 10 स्कूली बेंच सेट, सामग्री पाकर खिले नन्हे चेहरे
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार तोलानी, प्रधानाचार्य रामदुलारे वर्मा के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डीएम ने विद्यालय को 10 स्कूली बेंच सेट भेंट किए।
साथ ही छात्रों को थर्मस, कलर कॉम्बो पैक, चॉकलेट और अन्य अध्ययन सामग्री प्रदान की। उपहार पाते ही बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने पूरे वातावरण को खुशियों से भर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि दिव्यांग बच्चे हमारी प्रेरणा ही नहीं, बल्कि अदम्य साहस की जीवंत मिसाल हैं। इनमें किसी तरह की कमी नहीं, बल्कि असाधारण प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और हिम्मत की चमक है। बच्चों की प्रस्तुतियों और पेंटिंग्स की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी मुस्कान, इनके रंग और इनका आत्मविश्वास यही संदेश देते हैं कि जब अवसर और मंच सही हों, तो कोई भी दिव्यांगता इनके कदमों की रफ्तार को रोक नहीं सकती।
चित्रकला प्रदर्शनी में दिव्यांग बच्चों का हुनर चमका, रंगों से भरी कल्पनाएँ
विद्यालय में आयोजित पेंटिंग प्रदर्शनी में मूक-बधिर बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं और संवेदनाओं को अद्भुत रूप दिया। डीएम ने एक-एक पेंटिंग का अवलोकन कर बच्चों की भरपूर सराहना की। कहा कि जिनके हौसले बुलंद हों, उनके सपनों के आगे दिव्यांगता भी छोटी पड़ जाती है। बच्चों की पेंटिंग्स ने उनकी रचनात्मकता और दृष्टि की शक्ति को साफ प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी आरेंद्र पाल सिंह ने किया।
दिव्यांग बच्चों ने अद्भुत प्रस्तुतियों से जीता सभी का मन
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर आदर्श मूक-बधिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नन्हे दिव्यांग बच्चों ने सरस्वती वंदना, सुबह सवेरे, स्वागत गीत, गणेश वंदना सहित ए-वतन, जलवा-जलवा, आई लव माई इंडिया, फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी, चक धूम-धूम, इंडिया वाले जैसे गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिव्यांग बच्चों की लय, ताल और अभिव्यक्ति इतनी प्रभावशाली रही कि पूरा सभागार भावनाओं और उत्साह से भर उठा। कार्यक्रम ने साबित किया कि सही अवसर और मंच मिले तो दिव्यांग बच्चे भी अपनी प्रतिभा से किसी से कम नहीं हैं।
डीएम ने दिव्यांग बच्चों को दी सहायक सामग्री
कार्यक्रम के दौरान डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ 12 दिव्यांग बच्चों को कान की मशीन और 2 बच्चों को व्हीलचेयर प्रदान की। डीएम के निर्देश पर मौके पर ही मशीनों के उपयोग की ट्रेनिंग देकर बच्चों और अभिभावकों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।