Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JALAUN NEWS: जिले में धारा 144 प्रभावी होने के बाद गोहन थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस तथा इसी दिन अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इन संवेदनशील अवसरों को देखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन या कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है। बिना अनुमति के कोई भी सभा, जुलूस या कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज ईंटों संदीप कुमार, उपनिरीक्षक विशाल शर्मा, उपनिरीक्षक शिवबहादुर सिंह, कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार और कांस्टेबल सुखबीर सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों तथा समिति सदस्यों से क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने का आग्रह किया। बैठक में ग्राम प्रधान, तथा संभ्रांतजन अजीत उपाध्याय, दीपक उदैनिया नंदकिशोर द्विवेदी,सुरेंद्र परिहार,योगेंद्र प्रजापति,अयूब खान सहित क्षेत्र के प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने अंत में कहा कि 6 दिसंबर को विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अफवाह, विवाद या उकसावे की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में सद्भाव, शांति और कानून-व्यवस्था को पूर्ण रूप से बनाए रखना है।