विश्वविद्यालय व संग्रहालय का शैक्षिक भ्रमण कर बच्चों ने जानी बारीकियां

KAUSHAMBI NEWS: पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज देवखरपुर सिराथू के छात्रों को  शैक्षिक भ्रमण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बस को हरी झंडी दिखकर रवाना किया। छात्रों को इलाहाबाद विश्वविद्यालय और प्रयागराज संग्रहालय ले जाया गया जहां उन्होंने तमाम व्यावहारिक ज्ञान और नये अनुभव प्राप्त किए। सर्वप्रथम बच्चों ने इलाहाबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में प्रवेश  फीस अनुशासन अच्छे परिवेश और विभिन्न प्रकार के केमिकल वनस्पतियों मनुष्यों के अंगों सम्बंधी जानकारी प्राप्त किए। विज्ञान संकाय के प्रोफेसर विभागाध्यक्ष और ग्रेजुएट पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों से मिलकर बातचीत करके बच्चों को काफी अच्छा लगा और उनसे बहुत  प्रभावित हुए और भविष्य में इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नामांकन के लिए दृढ़ संकल्प लिए। इसी प्रकार से प्रयागराज संग्रहालय में प्राचीन काल मध्यकालीन और आधुनिक भारत का इतिहास के साक्ष्यों के आधार पर इतिहास को जानने समझने और परखने का अवसर प्राप्त हुआ। महान क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा भी दिखाई गई।  इस शैक्षिक भ्रमण के बारे में प्रधानाचार्य संजय भद्र ने कहा कि यह यात्रा निश्चित हमारे बच्चों के लिए लाभकारी और उपयोगी सिद्ध होगी क्योंकि इसमें नवीन और व्यावहारिक ज्ञान सीखने का अवसर प्राप्त होता है और कक्षा शिक्षण में बहुत मदद मिलती है।  साथ ही बच्चों में टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। इसी कड़ी में एक चीनी कहावत है कि — एक बार देखना सौ बार सुनने से बेहतर है। यह हकीकत है कि अध्ययन यात्रा बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए बहुत उपयोगी और महत्वपूर्ण होती है। इस शैक्षिक भ्रमण में बच्चों को ससमय जलपान और भोजन ग्रहण कराया गया और सुरक्षित तरीके से सबको गंतव्य स्थल तक पहुंचाया गया। शैक्षिक भ्रमण में स्कूल के अन्य शिक्षक  कोमल कुमार यादव, परितोष त्रिपाठी, आलोक रंजन, श्याम बाबू, प्रीतेश कुमार, संजय कुशवाहा, विमला देवी, किरन देवी आदि ने न बच्चों का सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *