हाईवे सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ढाबा संचालकों संग की बैठक

पुलिस एवं यातायात टीम ने अवैध पार्किंग हटवाई
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में “ज़ीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट” अभियान के तहत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय कार्रवाई की गई। इसी क्रम में गुरुवार को थाना कल्याणपुर क्षेत्र में हाईवे पर पड़ने वाले होटलों और ढाबों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक होटल आर्या, थाना कल्याणपुर में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात बृजमोहन राय, प्रभारी निरीक्षक थाना कल्याणपुर अखिलेश कुमार, एनएचएआई रोड सेफ्टी मैनेजर अतुल यादव, प्रभारी यातायात लाल जी सविता सहित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम मलवा, कल्याणपुर एवं बकेवर के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। मीटिंग में क्षेत्राधिकारी यातायात द्वारा सभी होटल एवं ढाबा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि होटल के सामने उचित और सुरक्षित वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाए, सड़क किनारे बने अवैध कट (कांटे) तत्काल बंद कराए जाएं तथा ऐसी स्थिति से बचें जिससे सड़क पर दुर्घटना की संभावना बने। बैठक के समापन के बाद पुलिस एवं यातायात टीम द्वारा हाईवे पर खड़े अवैध वाहनों को हटवाया गया और चालान की कार्रवाई भी की गई। “ज़ीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट” कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर सुधार करने और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में यह बैठक एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने होटल व ढाबा संचालकों के साथ-साथ वाहन चालकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *