जनपद में एसआईआर अभियान की रफ्तार हुई तेज, जिलाधिकारी उतरे मैदान में

मतदाताओं की समस्याएं मौके पर हल करने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर जनपद में प्रशासन सक्रिय दिखाई दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अपर जिलाधिकारी, ईआरओ, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी शामिल रहे। बैठक में बूथवार पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए गणना प्रपत्रों के संकलन और फीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद जिलाधिकारी शांतिनगर और रेल बाजार क्षेत्रों में पहुंचे और पुनरीक्षण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रपत्र भरने से लेकर फीडिंग तक के सभी कार्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को संवेदनशीलता से करने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण और समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीएलओ सहित महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *