Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ETAWA NEWS: हिन्दू सेवा समिति, इटावा द्वारा नगर क्षेत्र में खुले में मीट कटिंग, बिना मानक मांस विक्रय एवं मांसाहार के खुले प्रचार से उत्पन्न स्वच्छता व सार्वजनिक असुविधा के मुद्दे पर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय को दोबारा ज्ञापन सौंपा गया है। समिति ने यह कदम 26 नवंबर 2025 को दिए गए अपने पूर्व ज्ञापन पर “संतोषजनक कार्यवाही न होने” का आरोप लगाते हुए उठाया है।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इटावा नगर के कई स्थानों—जैसे बाह अड्डा, अरविंद का पुल, गिलहरी का पुल, पुरानी न्यू हिन्द टॉकीज के बाहर, तकिया तिराहा, साबितगंज व अन्य क्षेत्रों—में खुले में पशु-पक्षियों की अवैध कटिंग, बिना स्वच्छता मानकों के मांस विक्रय तथा दुकानों/ठेलों पर खुले रूप में मांस के प्रदर्शन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे क्षेत्र में दुर्गंध, गंदगी और असुविधा की स्थिति बनी रहती है तथा कई बार विवाद की नौबत भी आ चुकी है। समिति ने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नगर क्षेत्र में अनेक मांस विक्रय स्थल निर्धारित मानकों का पालन नहीं करते, जो चिंताजनक है।” ज्ञापन में विशेष रूप से यह मांग की गई है कि सभी मांस विक्रेताओं को स्वच्छता, चिकित्सा प्रमाणन, परिवहन मानकों, फ्रिज व्यवस्था तथा पर्दा/गहरे शीशे जैसे अनिवार्य प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही धार्मिक स्थलों से निर्धारित दूरी नियम (मुख्य द्वार से 100 मीटर तथा परिधि से 50 मीटर) का अनुपालन भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन धरना, प्रदर्शन, भूख हड़ताल या अन्य किसी संवैधानिक कदम उठाने के लिए विवश होगा। आज के ज्ञापन में प्रमुख रूप से संगठन के संरक्षक स्वरूप ध्यानानन्द पुरी महंत विश्वनाथ टिक्सी मंदिर, जितेन्द्र द्विवेदी, अखिलेश बिसारिया, अवधेश शर्मा, युवा संघ प्रदेश अध्यक्ष आकाश तिवारी, वरिष्ठ जिलाध्यक्ष अनिल मिश्रा, जिला प्रवक्ता अनिल शर्मा, आनन्द भदौरिया, आशीष जैन, अजय मिश्रा, योगेश शाक्य, भूपेन्द्र कुमार, अजय शाक्य, कन्हैया पाल, छंगे नामदेव, दीपक कुमार, हाकिम पाल, सत्येन्द्र पाल, संजय गुलाटी, नवनीत बिसारिया सहित दर्जनों सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे एवं संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकान्त शर्मा के नेतृत्व में आज का ज्ञापन इटावा नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगरपालिका अध्यक्ष, नगरपालिका कार्यकारी अधिकारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी को भी भेजी गई है।