Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सीडीओ की पहल रंग लाई, अनुपस्थित जोड़ों की जगह नए पात्रों को मौका-फूलों की बारिश में महके दाम्पत्य के सपने
LAKHIMPUR KHERI NEWS: (शाजिफ हुसैन) गुरुवार को खीरी में गुरुवार का दिन खुशियों से सराबोर रहा। रामापुर स्थित मंच पर उस समय भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जब 100 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। जिला प्रशासन की सतत कोशिशों का परिणाम रहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिले ने लक्ष्य पूरा कर मिसाल पेश की। सीडीओ अभिषेक कुमार की निगरानी और पहल पर पूर्व कार्यक्रमों में अनुपस्थित रहे जोड़ों के स्थान पर नए पात्र जोड़ों को शामिल किया गया। इस प्रकार 11 विकास खंडों के 99 जोड़े और नगर पंचायत धौरहरा का एक जोड़ा आज वैवाहिक मंडप तक पहुंचे और परिणय सूत्र में बंध गए। झिलमिलाती सजावट, मधुर संगीत और उत्साहपूर्ण माहौल ने कार्यक्रम को भव्यता की नई पहचान दी।
मंच से उतरकर सीडीओ ने बढ़ाया उत्साह, दुल्हनें हुईं भावुक
सीडीओ अभिषेक कुमार जब मंच से उतरकर दूल्हा-दुल्हन से मिलने पहुंचे, तो माहौल में एक अपनापन घुल गया। उन्होंने हर जोड़े से परिचय पूछा, आशीर्वाद दिया और कहा आज की यह खुशी केवल इन परिवारों की नहीं, पूरे जिले की है। साथ में मौजूद पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह सबने मिलकर उपहार-शगुन किट और प्रमाण पत्र दिए।
फूलों की बारिश में कई दुल्हनें भावुक हो उठीं, और कुछ ने मुस्कुराते हुए अपने दूल्हे की ओर देखा-मानो कह रही हों, हमारा सफर अब शुरू हुआ है…
गरीब परिवारों की बेटियों के लिए बड़ा सहारा है यह योजना-सीडीओ
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सचमुच वरदान साबित हो रही है। उन्होंने इसे आनंद और खुशियों का अद्भुत अवसर बताते हुए कहा कि योजना के तहत दांपत्य जीवन की शुरुआत के लिए 60 हजार रुपये की राशि सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजी जा रही है। कहा कि एक शादी में समय निकालना कठिन होता है, लेकिन आज का यह भव्य आयोजन ऐसा अवसर है, जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी मिलकर सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद दे रहे हैं।