Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

MIRZAPUR NEWS: मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को विकास खण्ड सिटी अन्तर्गत ग्राम पंचायत हनुमान पड़रा में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के साथ ग्राम चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओ को सुना तथा वहां उपस्थित अधिकारियों को बताई गई समस्याओ का समाधान कराने का निर्देश दिया। इस दौरान मण्डलायुक्त ने हनुमान पड़रा मे स्थित गौ आश्रय स्थल एवं आर0आर0सी0 सेंटर का भी निरीक्षण किया। ग्राम चैपाल में ग्रामीणो द्वारा प्रधानमंत्री आवास, शौचालय के मांग के साथ पूरे गांव पेयजल आपूर्ति की मांग की तथा कहा कि ग्राम में पहुंचने व गांव के अन्दर की सड़को सुदृढ़ीकरण/मरम्मत कराया जाए। ग्रामीणो की समस्याएं सुनने के पश्चात मण्डलायुक्त ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि नमामि गंगे योजनान्तर्गत कार्यदायी संस्था एन0सी0सी0 के अधिकारी के साथ पूरे गांव में एक-एक घर पहुंचकर एक सप्ताह के अन्दर पेयजल आपूर्ति का सत्यापन करे तथा जहां पर पेयजल आपूर्ति की समस्या आ रही हो तत्काल समाधान कराना सुनिश्चित करें। शौचालय व आवास की मांग पर मण्डलायुक्त ने मौके पर उपस्थित ग्राम पंचायत अधिकारी से जानकारी प्राप्त की जिस पर बताया गया कि इन महिलाओं/ग्रामीणो के नाम सत्यापन के पश्चात आवास की सूची मे शामिल है। शासन से लक्ष्य प्राप्त होते ही इनके आवास बनवाने की कार्यवाही कराई जाएगी। मण्डलायुक्त ने पूर्व में मिले आवास, शौचालय, पेंशन आदि के लाभार्थियो से वार्ता की तथा पेंशन, राशन आदि मिलने के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आंगनबाड़ी में शिक्षा व वितरण किए जाने वाले खाद्यान के बारे में भी मण्डलायुक्त द्वारा जानकारी प्राप्त की गई। नाली व सड़क मरम्मत के सम्बंध में मण्डलायुक्त ने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी बताए गए सड़को का सत्यापन कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। मण्डलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम चैपालो में केन्द्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को जानकारी दे तथा उन्हें योजनाओ का लाभ पहुंचाकर आच्छादित करे। उन्होंने ग्रामीणो से भी अपील करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा बताए गए योजनाओं की जानकारी रखे तथा उसका लाभ उठाएं।