Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दहेज न मिलने का आरोप, मायका पक्ष ने कहा-हत्या की आशंका
FATEHPUR NEWS: जिले के खागा क्षेत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की नवविवाहिता बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गर्मा गया है। घटना को लेकर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप मायके पक्ष ने लगाया है। शादी को मात्र एक माह ही हुआ था, ऐसे में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, खागा कस्बा निवासी महेंद्र सिंह पटेल वर्ष 2012 में विजईपुर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। उनकी बहू रश्मि सिंह की शादी 2 नवंबर को कौशांबी जिले के सड़वापुर निवासी धर्मेंद्र सिंह के घर से आदित्य सिंह पटेल के साथ हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी में चढ़ावे और नकदी सहित लगभग 23 लाख रुपये खर्च किए गए थे। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि भारी दान-दहेज देने के बाद भी ससुराल पक्ष असंतुष्ट था। कम दहेज होने का ताना देकर रश्मि को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते बहू को मौत के घाट उतार दिया गया। यही नहीं, परिवारवालों को बेटी की मौत की सूचना भी देर से दी गई। बताया गया कि हालात बिगड़ने पर ससुराल से रश्मि को प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खागा कोतवाली के एसएचओ आर.के. पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मायके पक्ष की शिकायत के बाद मामला गंभीर स्वरूप ले चुका है और एक माह पहले हुई शादी पर सवाल उठने लगे हैं।