Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: सदर तहसील के तेलियानी ब्लॉक अंतर्गत थाना हुसैनगंज क्षेत्र के कबीरपुर सुकुरुल्ला मजरे मंसूरपुर मोधनपुर में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे भीषण आग ने एक गरीब परिवार की सारी गृहस्थी को खाक कर दिया। सोहन पाल पुत्र सुंदर के घर में लगी आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा घर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर न तो फायर ब्रिगेड पहुंची और न ही कोई अधिकारी। गरीब परिवार की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। परिवार में सोहन पाल के साथ पत्नी तुलसी देवी, बेटे जयपाल, अखिलेश, गोरेलाल, लालचंद्र, एक बेटी प्रीति और बहू उमा साथ में रहते थे। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोहन पाल के सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिवार का कहना है कि इतने प्रधान बदल गए, लेकिन उन्हें अभी तक सरकारी आवास नहीं मिला। छप्पर डालकर गुजारा कर रहे इस परिवार का अब वह सहारा भी खत्म हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है कि आखिर अब वे कहां रहेंगे और बच्चों का क्या होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सहायता, मुआवजा, और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।