Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण तथा मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभावार डिजिटाइजेशन की स्थिति प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद जौनपुर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। बदलापुर में 80.17 प्रतिशत, शाहगंज में 79.16, जौनपुर में 68.72, मल्हनी में 77.36, मुंगराबादशाहपुर में 74.27, मछलीशहर में 76.37, मड़ियाहूं में 76.13, जफराबाद में 72.57 तथा केराकत में 80.31 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इस प्रकार पूरे जनपद में 76 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन का कार्य सम्पन्न हो गया है। जिलाधिकारी ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में लगे ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अध्यापक, लेखपाल तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने टीम भावना से कार्य करते हुए उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया है, जिसके लिए सभी प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 07 दिसम्बर 2025 को ‘मेगा डिजिटाइजेशन दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के दौरान शेष मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त कर डिजिटाइजेशन को शत-प्रतिशत की ओर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिले भर में पोलिंग स्टेशनों के सम्भाजन एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि आगामी चुनावों में मतदान प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी और सुलभ हो सके। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे, जिनमें मछलीशहर की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, सपा के राकेश मौर्या, बीएसपी के चन्द्रेज भारती, आम आदमी पार्टी के सुबाष चन्द्र गौतम, सीपीआईएम के किरण शंकर रघुवंशी सहित कई नेता शामिल थे।
अधिकारियों में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नन्दन सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।