Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर डीएम व एसपी ने दी श्रद्धांजलि
PRATAPGARH NEWS: डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर तहसील पट्टी में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा व अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने डा0 भीमराव अम्बेडकर जी के चित्र पर मार्ल्यापण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरान्त जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील पट्टी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पट्टी तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 182 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से राजस्व विभाग की 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल प्राप्त 182 शिकायतों में से 88 शिकायतें राजस्व विभाग से, पुलिस विभाग से 28, विकास विभाग से 26, समाज कल्याण से 05, शिक्षा से 03, स्वास्थ्य से 02 एवं 30 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई। पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा सुना गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जूनियर बार के अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया कि तहसील परिसर में पीने के पानी की अव्यवस्था है, तहसील में 3 इण्डिया मार्का नल खराब पड़े हुये है जिसे रिबोर कराने की आवश्यकता है व तहसील परिसर में गन्दगी भी रहती है जिस पर डीएम ने ईओ पट्टी को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द रिबोर कराकर हैण्डपम्प को दुरूस्त करायें और इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के अन्दर उपलब्ध करायें। तहसील परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी नियमित करायी जाये। शिकायतकर्ता रमाकान्त चौरसिया निवासी लखनीपुर पोस्ट सैफाबाद ने शिकायत किया कि प्रार्थी का बिल बिना रीडिंग चेक किये गलत फर्जी तरीके से आ रहा है जिसके सम्बन्ध में कई बार शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया है जिससे विद्युत अवर अभियन्ता द्वारा मौके पर विद्युत मीटर जांच किया गया और रिपोर्ट विद्युत कार्यालय में प्रेषित किया है, विद्युत बिल का संशोधन एसडीओ आसपुर देवसरा द्वारा किया जाना है परन्तु अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुये अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया कि परीक्षण कराकर यथाशीघ्र शिकायत का निस्तारण करायें। शिकायतकर्ता वन्दना शर्मा निवासी बाभनपुर ने शिकायत किया कि प्रार्थी ने फरवरी माह में ही राशन कार्ड कट जाने की दशा में पुनः आनलाइन करवा कर समस्त कार्यवाही पूर्ण करके खाद्य एवं रसद विभाग सप्लाई इन्सपेक्टर आसपुर देवसरा के कार्यालय में भाग दौड़ कर रहा है किन्तु प्रार्थी का फार्म जमा नहीं किया जा रहा है जिस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि परीक्षण कराकर शिकायत का निस्तारण जल्द से जल्द करायें। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से शिकायतों का निपटारा करें, जिसमें शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को प्राप्त सभी शिकायतों का समय पर और सही तरीके से समाधान करने के निर्देश दिये गये। उन्होने निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भूमि संबंधी मामले हैं उसमें राजस्व तथा पुलिस की संयुक्त टीम गठित करके मौके पर भेजकर निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि शासन का सख्त निर्देश है की जमीन संबंधी मामलों को तत्काल निस्तारण कराएं। कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये, इसका विशेष ध्यान दिया जाये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान में पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय-सीमा के अन्दर किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने पुलिस अधिकारियों/थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि जो भी शिकायकर्ता अपनी शिकायत लेकर आयें उनकी शिकायतों को विनम्रता पूर्वक सुने, प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और प्रत्येक दशा में पीड़ित को न्याय मिले। इस दौरान ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा, उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र, तहसीलदार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।