Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

उद्घाटन के उपलक्ष्य में 6 से 12 दिसंबर तक भारतीय मरीजों को भी मिलेगा फ्री इलाज और ऑपरेशन
SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा से सटे कृष्णानगर कस्बे में नेत्र रोगियों के लिए शनिवार को एक नया अध्याय शुरू हुआ। छंद (कालेबाबू) नारायणी आँखा अस्पताल द्वारा संचालित कृष्णानगर के पुराने रेफरल सेंटर का विस्तार करते हुए, ‘बहादुरगंज आंखा उपचार तथा सर्जिकल सेंटर ‘ अत्याधुनिक नेत्र उपचार के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। इस विस्तार से सीमावर्ती नेपाली मरीजों के साथ-साथ सीमा से सटे भारतीय मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा। संविधान सभा सदस्य अभिषेक प्रताप शाह ने फीता काटकर केंद्र का भव्य उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सेंटर अब नेपाल के उच्च कोटि के सुप्रसिद्ध डॉक्टरों द्वारा नेत्र सर्जरी की सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहले सीमावर्ती भारतीय मरीजों को इलाज के लिए नेपाल के दूर-दराज के अस्पताल जैसे भैरहवा या बहादुरगंज जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा बिल्कुल भारत-नेपाल सीमा पर ही सुलभ हो गई है। फ्री इलाज और ऑपरेशन की घोषणा अस्पताल प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गिरी और प्रमुख प्रशासक डॉ. शमशेर थापा ने बताया कि मोतियाबिंद सहित अन्य गंभीर नेत्र रोगों की सर्जरी अत्याधुनिक मशीनों से यहीं की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि केंद्र के उद्घाटन के उपलक्ष्य में, 6 से 12 दिसंबर तक सभी नेत्र रोगियों के लिए फ्री इलाज एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन की विशेष सुविधा दी गई है। उद्घाटन के अवसर पर विशाल नेत्र जांच कैंप आयोजित हुआ, जिसमें 329 मरीजों की जाँच की गई। इनमें से 76 मोतियाबिंद के रोगियों को ऑपरेशन हेतु चयनित कर तत्काल भर्ती किया गया। इस मौके पर उप मेयर शारदा चौधरी, डीएसपी तुला बहादुर चौधरी, इंस्पेक्टर ईश्वर लौडारी, डॉ. सुलक्ष्मी कटुवाल, संजय गुप्ता, राहुल मोदनवाल, पंकज गुप्ता, मो. इब्राहिम और किफायतुल्लाह खान सहित दोनों देशों के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सूचना अधिकारी बलराम खड़का ने किया।