Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सीएचसी सहित आयुष्मान आरोग्य मंदिर व टीकाकरण सत्र का भी सीएमओ ने किया निरीक्षण
LAKHIMPUR KHERI NEWS: शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली व अंतर्गत आने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर मदारी पुरवा सहित मितौली ग्रामीण पर चल रहे टीकाकरण सत्र का सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनुपस्थित मिले डॉ प्रियांशु शुक्ला से स्पष्टीकरण तलब किया गया हैं वहीं सीएमओ द्वारा टीकाकरण में छूटे बच्चों का टीका ड्यू लिस्ट के अनुसार लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि टीकोत्सव के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रम के तहत उन्होंने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली का औचक निरीक्षण किया। वह करीब 2:10 पर सीएचसी पर पहुंचे, उपस्थिति पंजिका चेक करने पर अनुपस्थित मिले डॉ प्रियांशु शुक्ला से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश सीएचसी अधीक्षक डॉ देवेंद्र सिंह को दिए। सीएचसी पर उन्होंने कोल्ड चैन व लैब का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था सही न होने को लेकर सफाई कर्मी को फटकार लगाई। लैब में जाले देख कर वह टीबी लैब टेक्नीशियन पर भी नाराज हुए। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर स्वयं बैठते हैं इसकी साफ सफाई की व्यवस्था का स्वयं ध्यान रखना चाहिए। कोल्ड चैन निरीक्षण के दौरान वैक्सीन के रखरखाव को देखा। इमरजेंसी ओपीडी सेवाओं का भी निरीक्षण किया। निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर आए और निर्धारित समय तक रुके और अपने कार्य को संपादित करें। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वह आयुष्मान आरोग्य मंदिर मदारीपुर पहुंचे, जहां पर चल रहे टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया, बनाए जा रहे आयुष्मान गोल्डन कार्ड की प्रगति जानी। सेंटर पर पेंटिंग करवाने, नवजात शिशु कार्नर व पानी की व्यवस्था करवाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। टीकोत्सव के अंतर्गत उन्होंने टीकाकरण सत्र मितौली ग्रामीण का भी निरीक्षण किया, यहां पर एएनएम द्वारा ड्यू लिस्ट के अनुसार लगाए जा रहे टीकाकरण की प्रगति को देखा, दोनों ही केंद्रों पर ऐसे छूटे हुए बच्चे जिनमें कोई भी टीकाकरण छूटा है और वह सत्र पर नहीं पहुंचे हैं, उन्हें आशा व आंगनबाड़ी के माध्यम से घर से बुलाकर लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों ही सत्रों पर स्पष्ट आदेश दिए की कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए, जो किन्हीं कारणों से सत्र पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, उन्हें आशा के माध्यम से टीकाकरण सत्र पर बुलाया जाए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी इस दौरान बनाए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सीएचसी अधीक्षक डॉ देवेंद्र सिंह, बीपीएम मोहम्मद तैय्यब भी मौजूद रहे।