Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
फावा नेटवर्क व नेहरू युवा संगठन के संयुक्त प्रयास से प्रचार रथ पहुँचा गांव-गांव
FATEHPUR NEWS: फावा नेटवर्क लखनऊ के सहयोग से नेहरू युवा संगठन टीसी एवं वात्सल्य लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत ऐरायां ब्लॉक के बहलोलपुर एलई गांव में कैंसर जागरूकता प्रचार रथ पहुंचा, जहां ग्रामीण पुरुष-महिलाओं को कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव संबंधी जानकारी दी गई। मौके पर पंपलेट वितरित कर समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
प्रचार रथ इसके बाद खागा नगर क्षेत्र में पहुंचा, जहां तहसील परिसर, बस स्टॉप और टेंपो स्टॉप पर लोगों के बीच पोस्टर वितरित किए गए। विशेष रूप से महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर के लक्षण एवं उनकी पहचान के तरीके बताए गए। खान-पान में सुधार, समय पर मेडिकल जांच और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही किशोरियों-बालिकाओं के टीकाकरण के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। नेहरू युवा संगठन टीसी की समन्वयक अनीता वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर को लेकर जागरूकता बेहद कम है। संकोच के कारण महिलाएं शुरुआती लक्षण होने के बाद भी किसी से चर्चा नहीं करतीं, जिससे बीमारी गंभीर चरण में पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में समय से उपचार न मिलने पर महिलाओं की मृत्यु तक हो जाती है। अनीता वर्मा ने बताया कि इस जागरूकता रथ व पंपलेट वितरण का उद्देश्य यही है कि यदि किसी व्यक्ति में लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच करवाकर इलाज शुरू हो सके, जिससे असामयिक व दर्दनाक मौत से बचाव संभव हो सके। अभियान के दौरान ग्रामीणों में इसके प्रति सकारात्मक जागरूकता दिखाई दी।