Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
जयमाल के बाद कार खरीदने के लिए मांगा था दहेज, पुलिस चौकी में दिनभर चली पंचायत
PRATAPGARH NEWS: लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कटरा बलीपुर निवासी स्वर्गीय पंचम सरोज के पुत्र इंद्रजीत सरोज, जो उधरनपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं, उनकी शादी अर्जुनपुर गांव निवासी श्रीराम सरोज की पुत्री नेहा से तय थी। रविवार को बारात रानीगंज कैथौला स्थित मैरिज हॉल में पहुंची, जहां धूमधाम से द्वाराचार और जयमाल की रस्म पूरी हुई। लेकिन जयमाल के तुरंत बाद लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। कन्या पक्ष का आरोप है कि दूल्हा और उसके परिवार के लोग कार खरीदने के लिए दहेज की मांग करने लगे। आर्थिक असमर्थता जताते हुए कन्या पक्ष ने कार के लिए पैसा देने से इनकार किया। जिसके बाद इंद्रजीत ने शादी करने से ही इंकार कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हा समेत कुछ खास रिश्तेदारों को कमरे में बंद कर दिया। पूरी रात दूल्हा पक्ष उसी कमरे में बंद रहा। सोमवार सुबह मामला रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी पहुंचा, जहां पंचायत शुरू हुई और खबर लिखे जाने तक जारी रही। दोनों पक्ष लेनदेन व शादी में हुए कुल खर्च को समायोजित कर समझौते की कोशिश कर रहे हैं। चौकी प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि दोनों पक्ष आपसी सुलह की कोशिश कर रहे हैं। यदि समझौता नहीं होता और किसी पक्ष से तहरीर मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।