Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRATAPGARH NEWS: विकासखण्ड बाबागंज, जनपद प्रतापगढ़ में ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता का आयोजन दिनाँक 08 दिसम्बर 2025, सोमवार को ब्लॉक संसाधन केन्द्र बाबागंज (बहोरिकपुर) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री आशीष मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा एकेडमिक रिसोर्स पर्सन बबलू सोनी, राहुल मौर्य, विनोद कुमार यादव एवं रमाकान्त मिश्र के कुशल पर्यवेक्षण में किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 116 पंजीकृत बच्चों में से 97 बच्चों ने प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की शुचिता और सुचारू संचालन हेतु कक्ष निरीक्षक मिथलेश कुमार, बाबू लाल, विनीत त्रिपाठी, आनन्द मिश्रा एवं दिलीप कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन उपरान्त टॉप 25 बच्चों का चयन किया गया। इनमें से टॉप 10 बच्चों (आराध्या सरोज, रिया, अश्वनी सरोज, आयुष सरोज, अनुज पाल, रिया पटेल, अहम मिश्रा, दीप्ति सरोज, सलोनी, अर्पित पाल) से पहले 5 बच्चों को मोमेन्टो और अगले 5 टॉप बच्चों को लूसेन्ट की साइंस पुस्तिका प्रदान की गई। इसके पश्चात टॉप 25 बच्चों को 5-5 के समूह में विभाजित कर क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेता समूह के पाँचों प्रतिभागी अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में मॉडल निर्माण के साथ प्रतिभाग करेंगे। मॉडल निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि संबंधित विद्यालयों के खाते में प्रेषित की जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों, गुरुजनों एवं अभिभावकों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। अंत में खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री आशीष मिश्रा ने सभी एआरपी, सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।