Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग की पहल पर 07 से 11 दिसंबर तक आयोजित पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट में फतेहपुर जिले की बहुआ ब्लॉक क्षेत्र की सुजानपुर ग्राम पंचायत की प्रधान हेमलता पटेल महाराष्ट्र पहुंचीं। प्रदेश से चयनित 29 सदस्यीय “ड्रीम टीम” का हिस्सा बनीं हेमलता पटेल ने सोमवार से महाराष्ट्र की मॉडल पंचायतों का हाई-प्रोफाइल अध्ययन शुरू कर दिया है। टीम ने लखनऊ से रवाना होकर पुणे स्थित यशवंतराव चव्हाण अकादमी ऑफ डेवलपमेंट एडमिनिस्ट्रेशन पहुंचकर अध्ययन कार्य का शुभारंभ किया। यहां पहुंचने पर प्रधान हेमलता पटेल का भव्य स्वागत किया गया। यह दल झांसी के डिप्टी डायरेक्टर (पंचायत) अजय आनंद सरोज के नेतृत्व में अध्ययन कर रहा है, जबकि स्टेट कंसल्टेंट रविंद्र कुमार दल के साथ शामिल हैं। सोमवार को ड्रीम टीम ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध मॉडल ग्राम पंचायतों— रालेगण सिद्धी और लोणीकंद सहित तीन पंचायतों का दौरा किया। इन पंचायतों में बेहतर पेयजल व्यवस्था, उन्नत ड्रेनेज सिस्टम, बहुउद्देशीय पार्क, स्वच्छता मॉडल, डिजिटल पंचायत प्रणाली, तथा स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्थापित कुटीर उद्योग जैसे महत्वपूर्ण विकास मॉडल देखने को मिले। प्रधान हेमलता पटेल और टीम के सदस्यों ने इन व्यवस्थाओं का विस्तृत अध्ययन किया और अधिकारियों से कार्यप्रणाली संबंधी विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। विजिट का लक्ष्य इन मॉडलों को उत्तर प्रदेश की पंचायतों में लागू कर गांवों के विकास की रफ्तार बढ़ाना है। हेमलता पटेल बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़े अनेक कार्य सराहनीय रहे हैं। साथ ही कांग्रेस से महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एवं बीते विधानसभा चुनाव 2022 की अयाह शाह की पूर्व प्रत्याशी भी हैं। वह दिल्ली एवं लखनऊ में अनेक मंचों पर सम्मानित हो चुकी हैं। इस अध्ययन के दौरान टीम ने एक स्थानीय संग्रहालय का भी दौरा किया, जहां ग्रामीण संस्कृति और विकास यात्रा की ऐतिहासिक जानकारियाँ प्राप्त की गईं। इस भ्रमण के दौरान हेमलता पटेल ने कहा कि मॉडल पंचायतों की सफल व्यवस्थाओं को अपने गांव में लागू कर बड़े बदलाव लाना ही हमारा उद्देश्य है।