बिना फिटनेस, बिना नम्बर प्लेट व नियम विरुद्ध वाहनों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई

हेलमेट व सीटबेल्ट न लगाने वालों का किया गया चालान, दी गई जागरूकता सामग्री
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात बृज मोहन राय के पर्यवेक्षण में सोमवार को यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर सख्ती दिखाई गई। प्रभारी यातायात लालजी सविता के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना फिटनेस एवं बिना नम्बर प्लेट वाले ई-रिक्शा और अन्य वाहनों पर कार्रवाई की गई।
विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए संबंधित वाहनों का चालान किया गया। वहीं, दो पहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न धारण करने तथा चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट का प्रयोग न करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए पंपलेट, प्रचार सामग्री वितरित की गई और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी तभी संभव है जब लोग नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात को प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *