Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
MIRZAPUR NEWS: बी.एल.जे. ग्राउंड, महुअरिया में सोमवार को मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2025-26 के अंतर्गत खादी एवं स्वावलंबन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल तथा मझवां विधायक सूचिस्मिता मौर्य ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाई गई खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग आधारित उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में खादी से बने कुर्ता, जैकेट, साड़ी, सूट, पश्मीना शॉल, सूती वस्त्र, मिट्टी के बर्तन, धूप-अगरबत्ती, डिटर्जेंट, ब्लैक पॉटरी, लकड़ी के शिल्प एवं अन्य ग्रामीण उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने खादी एवं ग्रामोद्योग को भारत की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कारीगरों को नया बाजार देते हैं और “वोकल फॉर लोकल” की भावना को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा खादी और ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने की भी उन्होंने सराहना की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कारीगर एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।