विधायक के प्रयास से अति प्राचीन महुआव धाम शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की मिली मंजूरी

2 करोड़ रुपए की लागत से होगा सौंदर्यीकरण, विधायक ने मंदिर में रविवार को किया पूजन अर्चन
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विधायक राजमणि कोल के अथक प्रयास के बाद विधानसभा कोरांव क्षेत्र के सुभाष बिसरी गांव में स्थित अति प्राचीन महुआव धाम शिव मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार की मंजूरी उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दे दी है। जिससे क्षेत्र वासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विधायक राजमणि कोल ने सुभाष बिसरी गांव में स्थित प्राचीन महुआव धाम शिव मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर कई बार शासन को अवगत कराया था। जिसके बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का कार्यक्रम कोरांव के गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ। जिसमें भी विधायक राजमणि कोल ने महुआव धाम शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव दिया। जिसे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सहर्ष स्वीकृति देते हुए दो करोड़ रुपए की लागत से मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण हेतु प्रस्ताव पास कर दिया है। शीघ्र ही मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू होगा। विधायक राजमणि कोल ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के द्वारा स्वीकृति देने के बाद रविवार को दोपहर बाद 3 बजे के करीब अति प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान बाबा भोलेनाथ का विधिवत पूजन अर्चन किया और क्षेत्र के कल्याण की मंगल कामनाएं की। विधायक के इस अथक प्रयास व परिश्रम की विधानसभा के क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है और उनका आभार भी जताया है। विधायक राजमणि कोल ने भी उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का आभार जताया है। विधायक के पूजन अर्चन के दौरान अपर शासकीय अधिवक्ता अनिल मिश्र, विधायक पीआरओ अखंड पांडेय, मंडल अध्यक्ष रामराज सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष बबुआन द्विवेदी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *