राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियंस का बढ़नी में भव्य स्वागत: जागृति क्लब ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मान

SIDHARTHNAGAR NEWS: जागृति सपोर्टिंग क्लब बढ़नी ने राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर लौटे स्थानीय खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया। जागृति स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष अकील अहमद मुन्नू ने खिलाड़ियों, कोच शंभू नाथ गुप्ता और वॉलीबॉल प्रमोटर विजय कुमार वर्मा को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। क्लब के सचिव मु. इब्राहिम बाबा द्वारा संचालित इस समारोह में परमात्मा प्रसाद दुबे, अजय प्रताप गुप्ता, नेशनल एनाउंसर जुग्गी राम राही, निज़ाम अहमद सभासद, शाकिर अली, मो. जमाल, मसूद अहमद और करम हुसैन इदरीसी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। क्लब ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। सम्मानित होने वाले सभी खिलाड़ी गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज बढ़नी के छात्र हैं। अंडर-19 बालिका वर्ग में कु. सोनी पासवान, कु. सुमन गौण, गायत्री और कु. अंशिका सोनी ने स्कूली प्रादेशिक टीम में चयनित होकर 15 से 19 नवंबर को मध्य प्रदेश में संपन्न हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में रेहान अहमद ने प्रादेशिक टीम में चयनित होकर 9 से 13 नवंबर को बरेली में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया था। इन युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *