Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
असमी लोगों के दस्तावेज वैध, झूठ बोल रहीं मेयर- डॉ शहजाद
लखनऊ में रह रहे असमी लोगों के साथ कांग्रेस ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस
LUCKNOW NEWS: असम भारत का हिस्सा है इसलिए असम के लोग देश में कहीं भी रह सकते हैं. असमी बोलने के कारण उन्हें बांग्लादेशी और रोहंगिया बताने वाली लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल को लखनऊ में रह रहे असम के लोगों से माफी माँगनी चाहिए. मेयर को असमी लोगों से छीने गए ठेलों को वापस कर देना चाहिए. ये बातें गुडंबा थाने के पास स्थित फूलबाग में रह रहे असमी लोगों के साथ उनके समर्थन में प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम ने कहीं.उन्होंने कहा कि अगर असमी बोलने वालों को यूपी से भगाया जाएगा तो कल असम में भी उल्फा जैसे अतिवादी संगठन हिंदी भाषी लोगों के खिलाफ फिर से हिंसा फैलायेंगे. अगर ऐसा होता है तो इसकी जिम्मेदार भाजपा होगी.
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शहजाद आलम ने कहा कि कल शहर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने असम के लोगों की बस्ती का दौरा किया और पाया कि उनके पास असम के बारपेटा और गोलपाड़ा जिले के नागरिक होने के सारे प्रमाण हैं जिसमें आरएनआरसी दस्तावेज भी शामिल है. उन्हें जबरन बांग्लादेशी और रोहंगिया बताके भाजपा सरकार उन्हें परेशान कर रही है. कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान के बाद कि हर जिले में घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर बनेगा मेयर सुषमा खर्कवाल जबरदस्ती बंगला बोलने वालों को विदेशी साबित करने के दबाव में भारतीय लोगों को ही विदेशी बताने में लगी हैं. लेकिन कांग्रेस भाजपा की इस नफरती राजनीति को सफल नहीं होने देगी. लखनऊ में पिछले 18 साल से रह कर सफाई कर्मी का काम करने वाले इम्तियाज ने बताया कि मेयर के साथ आए पुलिस ताले तोड़ कर उनके ठेले ले कर चली गई जबकि परिवार चलाने का वही एक माध्यम था. 15 साल से रह रहे अलीमुद्दीन ने बताया कि मेयर ने उन्हें 15 दिन में लखनऊ छोड़ने की धमकी भी दी जबकि वो लोग यहाँ एक निजी प्लॉट पर किराया देकर रह रहे हैं. पीड़ितों ने मीडिया के सामने असम के अपने गाँव के आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, एनआरसी रिकॉर्ड और लखनऊ के श्रम विभाग का पत्र भी दिखाया. प्रेस कांफ्रेंस में नावेद नकवी, मनीष जायसवाल, अख््तर मलिक, शाहनवाज खान, मसूद अहमद, हम्माम वहीद, सैयद जाहिद, नोमन अहमद, काशिफ सिद्दीकी, अहमद रजा आदि मौजूद रहे.