Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
मां ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
FATEHPUR NEWS: थाना मलवां क्षेत्र के ग्राम रावतपुर की निवासी पीड़िता शिवकली पत्नी श्यामलाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी को खोजने और ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि उसकी पुत्री राधिका का विवाह 05 जून 2025 को दीपू सिंह पुत्र राजासिंह निवासी बनरसी का पुरवा, थाना ललौली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया गया था। विवाह में पीड़िता ने ₹2 लाख नकद, मोटर साइकिल, फ्रिज, कूलर, अलमारी, वाशिंग मशीन और सोने की चेन सहित काफी सामान दहेज रूप में दिया था। पीड़िता का आरोप है कि इसके बावजूद पति दीपू समेत ससुर, जेठ, जेठानी, तथा अन्य परिजनों द्वारा लगातार अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने बताया कि 04 दिसंबर की भोर में 03 बजे उसके बेटे के मोबाइल नंबर पर राधिका द्वारा भेजा गया संदेश मिला जिसमें लिखा था कि मुझको बचाओ ये लोग मुझे मार रहे हैं, लेकिन सुबह मोबाइल देखने पर यह जानकारी मिली। जब परिवार राधिका के ससुराल पहुंचा तो वहां बेटी का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने भी कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। इस बाबत थाना ललौली में शिकायत पर एफआईआर नंबर- 0367/2025 दर्ज की गई, लेकिन पीड़िता का कहना है कि न तो जांच हुई और न खोजबीन। हताश होकर पीड़िता ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मांग की है कि राधिका को तत्काल ढूंढकर सुरक्षित सौंपा जाए तथा आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।