पर्यटक को बढ़ावा:कुबरी घाट बनेगा बड़ा आकर्षण केंद्र:जयवीर सिंह

KAUSHAMBI NEWS: कड़ा धाम के कुबरी घाट पर 2.41 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा आरती स्थल अब लगभग तैयार हो चुका है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विकसित यह परियोजना श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इक्यावन शक्तिपीठों में शामिल मां शीतला धाम श्रद्धा का बहुत बड़ा केंद्र है। इसी आस्था को ध्यान में रखते हुए कुबरी घाट पर आरती स्थल का विकास कराया गया है, जिससे श्रद्धालु बेहतर ढंग से धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।मंत्री ने कहा कि कौशांबी जिला धार्मिक पर्यटन में लगातार उभर रहा है। भगवान बुद्ध की पावन भूमि और हिंदू आस्था के प्रमुख केंद्रों में से एक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। वर्ष 2025 की पहली छमाही में ही 14.76 लाख से अधिक पर्यटक जनपद पहुंचे, जिनमें से अधिकतर मां शीतला धाम के दर्शन करने आए थे।कुबरी घाट को धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्री ने कहा कि सैंकड़ों वर्षों से कड़ा पीठ, शक्ति उपासकों का प्रमुख स्थल रहा है। स्कंद पुराण के अनुसार देवी सती का दाहिना कर इसी स्थान पर गिरा था, जिसके चलते यह क्षेत्र प्रसिद्ध शक्ति पीठों में शामिल है।सरकार का लक्ष्य है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इसी क्रम में कुबरी घाट पर विकसित आरती स्थल श्रद्धालुओं को समर्पित किया जा रहा है। आने वाले समय में इस क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *