बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा           

ओवरटेक करते अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत- कंडक्टर गंभीर

AURAIYA NEWS: जनपद के नगर पंचायत अटसू स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम बल्लापुर के समीप किलोमीटर 257 पर बालू से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। हादसे में चालक सनी (40) पुत्र सर्वेश यादव निवासी ग्राम सल्लामऊ (सल्लापुर), थाना करहल, जनपद मैनपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कंडक्टर विनय पुत्र राजेंद्र निवासी जलालपुर करहल गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार सनी ट्रक चालक था तथा उसके पिता सर्वेश भी ट्रक चलाते हैं। घर पर मां, भाई अश्वनी और बहन सोनी रहती हैं। सोमवार को सनी जालौन जनपद से ट्रक में बालू लोड कर इटावा की दिशा में जा रहा था। जैसे ही वह ग्राम बल्लापुर के पास पहुंचा, तभी सामने खड़ी एक चारपहिया गाड़ी दिखाई दी। बताया जाता है कि सनी ने वाहन को तेजी से एक्सप्रेसवे कट की ओर घुमाया, इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में भरी बालू सड़क पर फैल गई और चालक केबिन में बुरी तरह दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला और तत्काल चिचौली अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कंडक्टर विनय को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक को सीधा करवाकर एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जिससे यातायात सामान्य हो गया है।
चर्चा में रहा सवाल-क्या चेकिंग से बचने में हुई दुर्घटना?
हादसे के बाद क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर रही कि औरैया-जालौन सीमा पर यमुना के पास किसी प्रकार की चेकिंग चल रही थी। बताया जा रहा है कि सनी ने चेकिंग प्वाइंट देखकर ट्रक को तेजी से भगाना शुरू कर दिया। इसी बीच एक चारपहिया वाहन ने बल्लापुर के पास ट्रक को ओवरटेक कर अचानक आगे काट दिया। माना जा रहा है कि उसी वाहन से बचने के प्रयास में सनी ने ट्रक को औरैया की ओर मोड़ना चाहा और हादसा हो गया। इसके बावजूद यह रहस्य बना रहा कि चेकिंग वास्तव में कौन कर रहा था तथा ओवरटेक करने वाली गाड़ी में कौन लोग सवार थे-घटना के बाद दिन भर यही सवाल लोगों की जुबां पर छाया रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *