Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
नई दिल्ली / पटना (पीएमए) भारतीय रेलवे पटना से दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को अपनी नई प्रीमियम नाइट जर्नी सर्विस के रूप में लॉन्च करने की तैयारी में है। यह ट्रेन कुल 16 कोचों के साथ आएगी, जिनमें 11 AC3, 4 AC2 और 1 AC1 कोच शामिल होंगे। पूरी ट्रेन में कुल 827 बर्थ उपलब्ध होंगी—AC3 में 611, AC2 में 188 और AC1 में 24 बर्थ। आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के आधार पर रेलवे इसमें अतिरिक्त कोच भी जोड़ेगा।
कम किराए में प्रीमियम अनुभव का लक्ष्य
उम्मीद है कि यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को कम किराए में बेहतरीन और प्रीमियम यात्रा अनुभव देगी। बेंगलुरु स्थित BEML फैक्ट्री में इसके पहले दो रैक लगभग तैयार हो चुके हैं। पहला रैक 12 दिसंबर को रेलवे को सौंपा जाएगा, जिसके बाद इसे दिल्ली–पटना रूट पर ट्रायल के लिए चलाया जाएगा। रेलवे की योजना है कि नए साल से पहले ही इस ट्रेन को नियमित रूप से शुरू कर दिया जाए, जिससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं वाली रात की यात्रा का नया विकल्प मिल सके।
हर शाम सफर, सुबह मंज़िल
यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। पटना से शाम को चलकर सुबह दिल्ली पहुंचेगी और दिल्ली से शाम में रवाना होकर अगली सुबह पटना पहुंच जाएगी। इसकी डिजाइनिंग में स्पीड, कम्फर्ट और प्रीमियम लुक को प्राथमिकता दी गई है। ट्रेन 160 किमी/घंटा की गति से चल सकेगी, जबकि इसकी अधिकतम हाईस्पीड क्षमता 180 किमी/घंटा है। तेज एक्सेलरेशन और कम दूरी में रुकने-चलने की क्षमता इसे अधिक समय बचाने वाली सेवा बनाती है।
देश में 164 चेयर कार वंदे भारत पहले से संचालित
फिलहाल देश में 164 चेयर कार वंदे भारत ट्रेनें सक्रिय हैं, जिन्हें चेन्नई स्थित ICF फैक्ट्री ने बनाया है। नया स्लीपर वर्जन खास तौर पर लंबी और रात की यात्राओं के लिए तैयार किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया था कि स्लीपर वंदे भारत पूरी तरह भारत में डिजाइन और निर्मित है और इसके दो रैक ट्रायल प्रोसेस में हैं।
फ्लाइट और होटल जैसा अनुभव
इस ट्रेन के इंटीरियर को आधुनिक और आरामदायक बनाया गया है। हर बर्थ के लिए USB रीडिंग लैंप दिया गया है, जिससे यात्री बिना किसी को परेशान किए पढ़ सकें। रियल-टाइम पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम के जरिए ट्रेन की लोकेशन, अगला स्टेशन और जरूरी अपडेट स्क्रीन व ऑडियो के माध्यम से मिलते रहेंगे। इसके अलावा, Wi-Fi, इंफोटेनमेंट और ताज़ा भोजन उपलब्ध कराने के लिए मॉड्यूलर पैंट्री भी दी गई है।
कोच सुविधाएं और सुरक्षा फीचर्स
ट्रेन में बायो-वैक्यूम टॉयलेट टच-फ्री सिस्टम पर चलेंगे। फर्स्ट AC में गर्म पानी से नहाने की सुविधा भी दी जाएगी। ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए एर्गोनोमिक स्टेयर्स लगाए गए हैं, जिससे चढ़ना-उतरना आसान होगा। दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए PRM-फ्रेंडली टॉयलेट और बर्थ का विशेष ध्यान रखा गया है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें KAVACH एंटी-कोलिजन सिस्टम लगाया गया है, जो आसन्न टक्कर की स्थिति में ट्रेन को स्वयं रोक देता है। कोचों के बीच गैंगवे पूरी तरह सील होंगे ताकि धूल और हवा अंदर न आए। ऑटोमैटिक प्लग डोर ट्रेन चलने से 10 सेकंड पहले स्वयं ही बंद हो जाएंगे। हर कोच में CCTV कैमरे और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम भी मौजूद रहेगा, जिससे यात्री जरूरत पड़ने पर तुरंत क्रू से संपर्क कर सकेंगे।
पटना–दिल्ली रूट पर वर्तमान ट्रेनें
पटना और दिल्ली के बीच फिलहाल तेजस राजधानी, विभिन्न समयों की राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और गरीब रथ जैसी प्रीमियम ट्रेनें चल रही हैं, जिनके यात्रा समय और किराए अलग-अलग हैं।
राजेंद्र नगर–नई दिल्ली तेजस राजधानी (12309) शाम 7:35 बजे पटना से चलती है और लगभग 12 घंटे में दिल्ली पहुंचती है।
किराया: AC1 – ₹4135, AC2 – ₹3375, AC3 – ₹2445
राजधानी एक्सप्रेस (12423) रात 9:50 बजे रवाना होती है और 12 घंटे 40 मिनट में पहुंचती है।
किराया: AC1 – ₹4075, AC2 – ₹3310, AC3 – ₹2430
रविवार की राजधानी (12305) रात 9:40 बजे चलती है और 12 घंटे 25 मिनट का समय लेती है।
किराया: AC1 – ₹4100, AC2 – ₹3335, AC3 – ₹2450
शनिवार की राजधानी (20507) लगभग 12 घंटे 40 मिनट लेती है।
किराया: AC1 – ₹3830, AC2 – ₹3125, AC3 – ₹2245। अगरतला–आनंद विहार तेजस (20501) मंगलवार रात 10:10 बजे पटना से चलती है और 12 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंचती है।