1.50 करोड़ से रहिमाल बाबा मंदिर और 1 करोड़ से गोधनदेव विराजमान मंदिर का होगा विकास

मंदिर विकास की स्वीकृति से आस्थावानों में प्रसन्नता की लहर
FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नई दिशा मिलते हुए प्राचीन रहिमाल बाबा मंदिर (रहिमाल का पुरवा, जमरावां) के विकास कार्य को शासन ने संस्तुति प्रदान की है। इस परियोजना पर लगभग ₹1.50 करोड़ व्यय किए जाने की मंजूरी राज्य स्तर से दे दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने इस संबंध में डिजाइन, नक्शा तथा तकनीकी विवरण मांगे हैं, जिसके आधार पर निर्धारित समय में डीपीआर तैयार होगी। पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह द्वारा हुसैनगंज क्षेत्र के श्रद्धालुओं की मांग शासन तक पहुंचाई गई थी। श्री सिंह ने बताया कि रहिमाल बाबा मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। यहां दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिये आते हैं और यहीं रहकर अपने बच्चों के विवाह, मांगलिक और धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न करते हैं। पूर्व मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर मंदिर विकास हेतु अनुरोध किया था, जिस पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह स्थल न सिर्फ धार्मिक श्रद्धा का केंद्र है बल्कि ग्रामीण सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। सरकार का उद्देश्य ऐसे प्राचीन और ऐतिहासिक आस्था स्थलों का सांस्कृतिक विकास सुनिश्चित करना है। जैसे ही डीपीआर पर्यटन निगम द्वारा पूर्ण कर ली जाएगी, विकास कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इसी क्रम में जनपद के गोधरौली स्थित गोधनदेव विराजमान मंदिर के विकास कार्य हेतु सरकार द्वारा ₹1 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इस योजना पर भी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा डिजाइन और कार्ययोजना के तहत प्रक्रिया चल रही है। मंदिर विकास की इस स्वीकृति से संबंधित क्षेत्र में धार्मिक आस्था रखने वाले सभी लोगों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण है। श्रद्धालु इसे क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *