अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर बाल एवं महिला अधिकार प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन

FATEHPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह सभागार में मानव सेवा संस्थान, फतेहपुर एवं फीफा फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से “बाल एवं महिला अधिकार प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक महोत्सव” का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ जिला खेल संघ के अध्यक्ष बी०पी० पांडेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से चीफ डिफेन्स काउंसिल अमित तिवारी एवं बाल कल्याण समिति, फतेहपुर के सदस्य रामकृष्ण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। अपने संबोधन में अमित तिवारी ने कहा कि मानवाधिकार संरक्षण तभी सार्थक होगा जब बच्चों, किशोरियों और महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध हों। समाज के कमजोर वर्गों की रक्षा ही मानवता का मूल उद्देश्य है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदाय आधारित संगठनों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। आयोजन स्थल पर लगी बाल एवं महिला अधिकार प्रदर्शनी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसमें बाल सुरक्षा, बालिकाओं की शिक्षा, महिला स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा से संरक्षण, विधिक अधिकार एवं समानता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई।
महोत्सव में 400 से अधिक बच्चों, किशोरियों तथा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मंच पर प्रस्तुत किए गए समूह एवं एकल नृत्य, गीत, नाटक और लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को प्रभावित किया। बाल अधिकारों पर आधारित आकर्षक पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वक्ताओं ने कहा कि मानवाधिकार दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, समानता और अधिकारों के सम्मान की भावना फैलाने का माध्यम है। कार्यकारी निदेशक जय प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को अधिकार आधारित समानता, सहभागिता और जागरूकता के संदेश से जोड़ना है। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों व महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक, सामाजिक रूप से उपयोगी और जन-जागरूकता को बढ़ाने वाला बताया। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख जनों में विनय तिवारी (सभासद), अपर्णा पांडेय, चाइल्ड लाइन समन्वयक नीरू पाठक, धीरज बाल्मीकि (पूर्व सभासद), प्रदीप पांडेय, अजय सिंह चौहान, आदर्श मिश्रा, सुरेश श्रीवास्तव, सरदार जे० पी० सिंह, शबीना सहित अन्य सम्मानित अतिथि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *