रामबहादुर सिंह इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा शपथ कार्यक्रम आयोजित

सैकड़ों विद्यार्थियों ने ली नियमों का पालन करने की शपथ
FATEHPUR NEWS: सड़क सुरक्षा जन जागरूकता अभियान के तहत खागा क्षेत्र स्थित रामबहादुर सिंह इंटर मीडिएट कॉलेज, पुरइन में बुधवार को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के अधिकारियों की मौजूदगी में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फतेहपुर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव, पीआईयू कानपुर के निर्देशानुसार तथा वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट एवं त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी अविनाश द्विवेदी एवं अतुल यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर एवं राजस्थान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा पुरस्कार से सम्मानित फिरोज़ ख़ान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, यह प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति दूसरों के जीवन से भी जुड़ा होता है, इसलिए नियमों के पालन में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। इस दौरान पुलिस चौकी मँझिलगांव के कांस्टेबल विवेक सिंह ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि यदि नागरिक अपने आसपास के लोगों को नियमों का पालन कराने के लिए प्रेरित करें तो सड़क हादसों में भारी कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हंसराज वर्मा, उप प्रधानाचार्य संजीव भारत, रामदेव गौतम, हरिभान सिंह, राम सिंह, रितु देवी, नारायण विश्वकर्मा, व्यास जी त्रिपाठी, पैरा मेडिकल टीम के अनिल केसरवानी, ललित कुमार समेत विद्यालय स्टाफ एवं हाइवे अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सुरक्षित यातायात के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *