छेड़खानी का विरोध किशोरी को पड़ा भारी, सिरफिरे युवक ने काटा दांत

हथगाम थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी पर जांच जारी
FATEHPUR NEWS: जिले के हथगाम थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां छेड़खानी का विरोध करने पर एक किशोरी को गंभीर चोट का सामना करना पड़ा। आरोपी युवक ने न केवल उससे अभद्र व्यवहार किया बल्कि गाल में दांत काटकर घायल भी कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के पूरेलाल गांव निवासी सुमेरकली पत्नी बड़कू ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि घर पर रखा हरा चारा गांव के ही हरिश्चंद्र पुत्र गोपाल अपने पशुओं को खिला रहा था। इस पर उनकी 15 वर्षीय बेटी ने रोकटोक की, तो आरोपी मौके पर ही अश्लील हरकतें करने लगा। प्रतिरोध होने पर उसने किशोरी को जमीन पर पटक दिया और उसके गाल में दांत काट लिया। घटना के बाद परिवार ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने किशोरी को इलाज के लिए सीएचसी हथगाम भेजा, जहां उपचार जारी है। थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में आक्रोश है तथा ग्रामीणों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *