Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
एसपी को दिया गया शिकायती पत्र, परिवार ने सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की लगाई गुहार
FATEHPUR NEWS: जिले की हुसैनगंज पुलिस पर एक परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम मोधनपुर थाना हुसैनगंज निवासी जसवंत सिंह ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन के अधीन गृह एवं गोपन विभाग को आईजीआरएस एवं ईमेल के माध्यम से शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि पुलिस जानबूझकर उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। पत्र में कहा गया है कि पुलिस उसकी पत्नी ज्ञानमती को अवैध तरीके से पकड़कर थाने में ले गई, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। जसवंत सिंह ने बताया कि उसका पुत्र रामू यादव एक मुकदमे में फर्जी अभियुक्त बनाकर पेश किया गया, जिसकी सुनवाई 11 दिसम्बर को निर्धारित है। आरोप है कि इसी मुकदमे को आधार बनाकर पुलिस घर पहुंची और शिकायतकर्ता के घर से उसकी पत्नी को उठा ले गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने घर पर आकर अभद्रता की और जेल भेजने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी पहले से बीमार तथा हृदय रोग से पीड़ित है। ऐसे में अचानक पुलिस द्वारा घर से थाने ले जाने से संकट और बढ़ गया। आरोप है कि पुलिस धमकाकर पैसे की भी मांग कर रही थी। पत्र में उन्होंने कहा है कि पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार के सम्मान को ठेस पहुंची है और बच्चे व अन्य सदस्य भय के वातावरण में जीने को मजबूर हैं। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनकी पत्नी को अविलंब मुक्त कराया जाए और पुलिस की उत्पीड़नपूर्ण कार्रवाई रोकी जाए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।