Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मंगलवार शाम मैगलगंज चौराहे पर हुए सड़क हादसे में समय पर पहुंची 108 एम्बुलेंस सेवा ने सात वर्षीय बच्चे सहित चार घायलों की जान बचा ली। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और बाइक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। दुर्घटना में बाइक की टंकी फट गई और पेट्रोल सड़क पर फैल गया, हालांकि बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा। डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर एंबुलेंस सेवा 102/108 कैलाश बिष्ट ने बताया कि हुसैनापुर निवासी कुलदीप अपनी पत्नी महिमा और बच्चों—सात वर्षीय सत्यम और पांच वर्षीय काव्या के साथ ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों को गहरा आघात लगा, सत्यम का पैर फ्रैक्चर हो गया जबकि काव्या की जांघ फट गई। कुलदीप को कमर और रीढ़ में गंभीर चोट लगी।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईएमटी रविंद्र कुमार की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उपचार के दौरान रक्तस्राव रोकने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं की गईं, बच्चों के घावों पर ड्रेसिंग की गई और सत्यम के पैर को एयर स्प्लिंट से स्थिर किया गया।
इसके बाद सभी घायलों को सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली में भर्ती कराया गया, जहां उनका आगे उपचार जारी है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि एम्बुलेंस समय पर न पहुंचती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। 108 एम्बुलेंस की त्वरित सेवा और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की बदौलत दो मासूम बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस टीम की तत्परता की सराहना की और कहा कि यह सेवा कई परिवारों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है।